लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। काकोरी के गदाईखेड़ा के सरोज राजपूत ने अपनी पत्नी व उसके प्रेमी पर साजिश रचकर हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्पेक्टर विजय यादव के मुताबिक, सरोज ने बताया कि उसकी पत्नी का 2 साल से चचेरे भाई के साथ अवैध प्रेम संबंध है। 21 जनवरी को वह काम करके घर पहुंचा। पत्नी ने खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। इससे उसे गहरी नींद आ गई। इसके बाद कीर्ति ने तार के सहारे हाथों में करंट लगा दिया। सरोज किसी तरह जान बचाकर घर से निकला और परिवारीजनों को इस घटना की जानकारी दी। करंट से सरोज के दोनो हाथों की अंगुलियां बुरी तरह झुलस गई। सरोज के मुताबिक 2 माह पहले भी उसकी पत्नी ने गले में फांसी का फंदा डालकर उसे मारने की कोशिश की थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि सरोज की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपियों को बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया गया है।