कैरेबियाइ बल्लेबाज क्रिस गेल को टी-20 फॉर्मेट का सिक्सर किंग कहा जाता है। क्रिकेट के इस फॉर्मेट में गेल का डंका पूरी दुनिया में बजता है। 39 वर्षीय गेल ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी पर बढ़ती उम्र का असर नहीं आने दिया है।
क्रिस गेल क्रिकेट के इस छोटे फॉर्मेट में दौड़कर रन बनाने की बजाय छक्कों और चौकों के जरिये रन बटोरने में विश्वास रखते हैं। गेल इस समय भारत में चल रही आइपीएल टूर्नामेंट में किंग्स इलेवन पंजाब का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
हर नौंवीं गेंद पर गेल लगाते हैं छक्का
आइपीएल टूर्नामेंट के अब तक खेले गए 105 मैचों में गेल ने 2554 गेंदों का सामना किया है जिनमें से उन्होंने 288 गेंदों पर छक्के लगाए हैं। इस औसत से उन्होंने लगभग हर नौवीं गेंद (8.8) पर छक्का लगाया है। क्रिकेट के टी 20 फॉर्मेट में अगर गेल थोड़े समय के लिए भी मैदान में टिक गये तो विपक्षी गेंदबाजों के लिये आफत बन जाते हैं। क्योंकि इस दौरान वो अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से विपक्षी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ देते हैं। RCB की और से खेलते हुए गेल ने प्रति 9 गेंदों पर 239 छक्के लगाए हैं तो वहीं इससे पहले वो KKR के लिए प्रति 13 गेंद के हिसाब से 26 छक्के लगा चुके थे।