Breaking News

जेफ बेजोस ने 2018 में किया सबसे ज्यादा दान,बिल गेट्स को पछाड़ बने नंबर एक

दुनिया के सबसे अमीर शख्स अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस अब अमेरिका के सबसे बड़े दानदाता बन गए हैं। दान देने के मामले में उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट के फाउंडर बिल गेट्स को भी पछाड़ दिया है। साल 2018 में उन्होंने समाज की भलाई के लिए सबसे ज्यादा 14,200 करोड़ रुपये का दान किया है। बीते साल सबसे ज्यादा दान करने वाले लोगों की ये लिस्ट यूएस की क्रॉनिकल ऑफ फिलान्थ्रॉपी मैग्जीन ने जारी की है। इस लिस्ट में दान करने वाले 50 सबसे अमीर लोगों का नाम शामिल है। जिसमें बेजोस ने पहला स्थान हासिल किया है। लिस्ट में बिल गेट्स और उनकी पत्नी मिलिंडा गेट्स ने 12वां स्थान हासिल किया है। उन्होंने बीते साल 979.8 करोड़ रुपये दान किए थे। उनके द्वारा किया गया दान साल 2017 के मुकाबले 97 फीसदी कम है। उस वक्त वो पहले नंबर पर थे। उन्होंने तब 33,938 करोड़ रुपये का दान किया था। फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग और उनकी पत्नी प्रिसिला चान के दान देने में भी 89 फीसदी की कमी आई है। साल 2018 में उन्होंने 1,519.4 करोड़ रुपये का दान किया है। वो दूसरे नंबर से सातवें नंबर पर आ गए हैं। साल 2017 में उन्होंने 14,200 करोड़ रुपये का दान किया था। लिस्ट में शामिल सभी 50 लोगों ने कुल 55,380 करोड़ रुपये का दान किया है। ये संख्या साल 2017 के मुकाबले लगभग आधी है। उसी साल सभी ने 1.04 लाख करोड़ रुपये दान किए थे। जेफ बेजोस पहली बार इस लिस्ट में शामिल हुए हैं और पहली बारी में ही वह पहले नंबर पर भी आ गए हैं। उन्होंने बीते साल बेजोस डे-वन फंड को लांच किया था। जिससे उन्होंने जरूरतमंदों की मदद की थी। इससे पहले उनकी इस बात के लिए निंदा होती थी कि वह सामाजिक कार्यों में पीछे रहते हैं। बेजोस लंबे समय से दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने हुए हैं। उनकी कुल नेटवर्थ 9.65 लाख करोड़ रुपये है।

Check Also

एक्टिंग के बाद राजनीति में जलवा बिखेरेंगे अक्षय खन्ना, विनोद खन्ना की सीट पर लड़ सकते हैं चुनाव

पंजाब में भाजपा अपने पुराने सहयोगी शिरोमणि अकाली दल के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *