मौसम इस सप्ताह राजधानी दिल्ली के साथ एनसीआर के लोगों को भी फिर से परेशान करेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, इस सप्ताह बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं। इसमें सोमवार को दोपहर बाद हल्की बारिश होगी तो मंगलवार को तेज बारिश की संभावना है। इस दिन आंधी के साथ ओले भी पड़ सकते हैं और हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रहेगी। इससे राजधानी दिल्ली के लोगों के साथ-साथ एनसीआर के निवासियों की परेशानी भी बढ़ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 27 फरवरी एवं एक और दो मार्च के दिन भी बारिश होने का अनुमान है। इस बीच अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री के आसपास रह सकता है। न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम के साथ 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा। हवा में नमी का अधिकतम स्तर 90 फीसद दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम स्तर 37 फीसद दर्ज हुआ। सोमवार को हल्की बारिश होने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 22 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहने का अनुमान है। स्काइमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसकी वजह से ही मौसम में परिवर्तन आ रहा है। इस विक्षोभ के चलते उत्तर की दिशा से दिल्ली की तरफ ठंडी हवा दस्तक दे रही है। इससे हवा के साथ नमी बढ़ रही है, जो कि इस सप्ताह बारिश की संभावना को बढ़ा रही है और मंगलवार को ओलावृष्टि के आसार हैं। महेश पलावत ने बताया कि इस हफ्ते प्रदूषण बेहद खतरनाक स्तर पर नहीं पहुंचेगा। हवा तेज गति से चलेगी। साथ ही बारिश होने के कारण प्रदूषित कण वातावरण में ज्यादा दर्ज नहीं होंगे। एयर क्वालिटी इंडेक्स के मुताबिक, दिल्ली के लोधी रोड एरिया में सोमवार को पीएम 2.5 का स्तर 98 तो पीएम 10 का स्तर 118 रहा, जिसे राहत भरा माना जाता है।
Check Also
एक्टिंग के बाद राजनीति में जलवा बिखेरेंगे अक्षय खन्ना, विनोद खन्ना की सीट पर लड़ सकते हैं चुनाव
पंजाब में भाजपा अपने पुराने सहयोगी शिरोमणि अकाली दल के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ …